सिरसा, 16 फ़रवरी । सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि नशा तस्करी के नेक्सस को तोडऩा पुलिस की पहली प्राथमिकता है। एसपी सोमवार को पुलिस लाइन सिरसा में थाना, चौकी व पर्यवेक्षण अधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने थाना प्रभारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के कारोबारियों व नशे में सजायाप्ता लोगों की प्रोपर्टी का ब्यौरा जुटाकर,नशे की काली कमाई से अर्जित की गई सम्पति को अटैच करवाने की प्रक्रिया को तेज करें।
एसपी ने थाना प्रभारियों से कहा कि पीएम विंडो,सीएम विंडो व हरसमय पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निश्चित समय अवधि में निपटारा कर उच्च अधिकारियों को समय पर जबाव भेजें तथा थाना में आए फरियादियों की फरियाद सुन कर अति शीघ्र न्याय दिलवाएं। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सावधानी व सतर्कता बरतें और अधिक से अधिक पुलिस चेकिंग व गश्त बढ़ाई जाएं ताकि गृहभेदन व वाहन चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी एंव अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्त लोगों की सूची बनाकर उनकी धर-पकड़ सुनिश्चित करें। मादक पदार्थों तस्करी में पकड़े गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अदालत में भी उनके खिलाफ बेहतर ढंग से पैरवी करें ताकि अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी सूरत में सजा से न बच पाएं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संपति विरुध अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर अनसुलझे मामलों को शीघ्र निपटाएं। जिला की सीमाओं के साथ लगती राजस्थान व पंजाब राज्य की सीमाओं पर स्थापित नियमित नाकों के अलावा अन्य मार्गो पर भी औचक नाकाबंदी कर आने जाने वाले लोगों तथा वाहनों की बारीकी से चेकिंग करें तथा संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर रखें। एसपी दीपक सहारन कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रोकना और महिला व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य है और इस कर्तव्य को पूरा करने के लिए सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अन्य विभागों के साथ तालमेल करते हुए गंभीरता से कार्य करें।