पलवल, 16 फ़रवरी । हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने पलवल जिले के गांव छांयसा में पीलिया और हेपेटाइटिस संक्रमण के मामलों को लेकर सोमवार को कहा कि ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार और जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जांच, जागरूकता अभियान और आवश्यक चिकित्सा उपाय किए जा रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं और घर-घर जाकर लोगों की जांच की जा रही है। पानी के नमूनों की जांच करवाई गई है तथा संक्रमण रोकने के लिए पानी में क्लोरीन का छिड़काव भी किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि बीमारी का फैलाव रोका जा सके।
मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें और केवल पंजीकृत डॉक्टर से ही इलाज करवाएं। उन्होंने विशेष रूप से चेतावनी दी कि एक बार इस्तेमाल होने वाली सिरिंज का दोबारा प्रयोग न करें, क्योंकि यह हेपेटाइटिस फैलने का प्रमुख कारण बन सकता है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अस्पतालों में आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को भी दूर किया जा रहा है। मंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और ग्रामीणों को सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।