हरिद्वार, 16 फ़रवरी । हरिद्वार मुक्केबाजी संघ के पदाधिकारियों ने कर्नाटक के बेंगलुरू में स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्कूल मुक्केबाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली हरिद्वार की सैम चौधरी को सम्मानित किया। प्रतियोगिता 2 से 8 फरवरी तक आयोजित हुई।
हरिद्वार मुक्केबाजी संघ के सचिव व कोच नवीन चौहान से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सैम चौधरी ने 2 से 8 फरवरी तक आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-19 बालिका वर्ग में 70 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। उत्तराखंड मुक्केबाज़ी संघ के उपाध्यक्ष रोहन सहगल ने बताया कि यह पहली बार है कि हरिद्वार जिले की बालिका को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है।
धामी सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं और योजनाओं के फलस्वरूप खिलाड़ी उत्तम प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। संरक्षक सुनीता चौधरी ने सैम चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि आजकल के सामाजिक परिवेश में मुक्केबाजी आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है।
हरिद्वार मुक्केबाज़ी संघ के अध्यक्ष डा.विशाल गर्ग ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अन्य खिलाड़ियों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी। मुक्केबाजी के प्रति खिलाड़ियों का रूझान बढ़ेगा। उपाध्यक्ष विपिन चौधरी, कोषाध्यक्ष सुधीर जोशी व कोच नवीन चौहान ने कहा कि सैम चौधरी में विलक्षण खेल प्रतिभा है। प्रशिक्षण के उपरांत वे एक बेहतरीन खिलाड़ी के रूप में सामने आयी और स्वर्ण पदक जीतकर हरिद्वार और उत्तराखंड का नाम रोशन किया।