सुलतानपुर, 17 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में अमित सिंह हत्याकांड के दूसरे दिन मंगलवार को मृतक की पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में महिला का प्रेमी अभी भी फरार है। क्राइम ब्रांच सहित चार टीमें गिफ्तार करने में जुटी हुई हैं।
परिजनों ने पहले शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। वे अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारियों का इंतजार कर रहे थे। सुबह 10:30 बजे राजस्व निरीक्षक और 11 बजे नायब तहसीलदार अभय राजपाल मौके पर पहुंचे। लंभुआ पुलिस, कोतवाली देहात प्रभारी धर्मवीर सिंह और चांदा प्रभारी अमित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौजूद थे। मांगों पर सहमति बनने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
परिजनों की मांगों में आवास, बच्चों की शिक्षा, अंतिम संस्कार और भरण-पोषण की व्यवस्था, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ और अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी शामिल थी। इन मांगों पर सहमति के बाद मृतक अमित सिंह के छोटे भाई अजीत सिंह ने धोपाप घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया।
ज्ञातव्य हो कि लंभुआ थाना क्षेत्र मदनपुर पनियार गांव निवासी अमित सिंह(35)पुत्र हरिनाम सिंह व दीपक सिंह दोनों ट्रक ड्राइवर थे। दोनों की दोस्ती के बीच दीपक सिंह की अमित सिंह की पत्नी शिल्पी सिंह से भी संबंध हाेने की बात सामने आई थी। रविवार को अमित और दीपक दोनों घर आए थे। बीती रात किसी बात को लेकर शिल्पी व उसके पति अमित के बीच विवाद हुआ और आरोप है कि पत्नी शिल्पी व दीपक ने धारदार हथियार से गले में मारकर अमित की हत्या कर दी थी।