बलरामपुर : पीएम सूर्य घर योजना से उपभोक्ता बनीं ऊर्जादाता

Spread the love

बलरामपुर, 17 फ़रवरी । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर जिले की एक महिला ने न केवल बिजली बिल से राहत पाई, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर ऊर्जादाता के रूप में नई पहचान भी बनाई है। ग्राम नवकी निवासी सीमा द्विवेदी ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है।

सीमा ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी से सोलर पैनल लगवाना बेहद आसान हो गया है। 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये, कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस सहयोग से मध्यमवर्गीय परिवार भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सोलर प्लांट लगने से पहले उनका मासिक बिजली बिल हजारों रुपये तक पहुंच जाता था, लेकिन अब न केवल बिल में भारी कमी आई है, बल्कि अतिरिक्त उत्पादित बिजली से आय का भी मार्ग खुला है। “पहले हम सिर्फ उपभोक्ता थे, अब ऊर्जादाता बन गए हैं,” उन्होंने कहा।

सीमा का कहना है कि यह योजना आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक बिजली उत्पादन में होने वाले प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी योजना का लाभ उठाने की अपील की है।