रायसेन, 17 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के वनखेड़ी (बनखेड़ी) गांव स्थित नर्सरी में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पूर्व कर्मचारी पूरन उर्फ गुड्डा लोधी ने नर्सरी प्रभारी डिप्टी रेंजर सहित दो कर्मचारियों पर गोली चला दी। घटना के कुछ समय बाद आरोपी का शव पास ही एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के अनुसार, आरोपी ने गोली चलाने से पहले डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा से मुलाकात की, उनके पैर छुए और कुछ देर बातचीत की। इसके बाद अचानक देसी कट्टा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा को पीठ में गोली लगी, जबकि महिला कर्मचारी सुमन बाई की पीठ में लगी गोली आर-पार हो गई। एक अन्य कर्मचारी डालचंद पर भी फायर किया गया, लेकिन वह भागते समय गिर पड़ा, जिससे गोली उसे नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
“एक के बाद एक पांच गोलियां चलाईं”
घायल डिप्टी रेंजर ने पुलिस को दिए प्रारंभिक बयान में बताया कि आरोपी देसी कट्टा लेकर आया था और उसने लगातार पांच राउंड फायर किए। प्रत्यक्षदर्शी डालचंद के अनुसार, “साहब को गोली मारने के बाद उसने मेरी ओर भी कट्टा तान दिया। मैं भागते हुए गिर गया, जिससे बच गया। इसके बाद आराेपी ने नर्सरी में ही काम करने वाली मेरी मौसी सुमन पर फायर किया। मैंने उसे पत्थर मारा, तो वह भाग गया।
पांच साल पहले नौकरी से निकाला गया था
पुलिस के अनुसार, आरोपी पूरन उर्फ गुड्डा लोधी पहले इसी नर्सरी में मजदूरी करता था। लगभग पांच वर्ष पूर्व ड्यूटी में लापरवाही के चलते उसे हटा दिया गया था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह इसी बात से नाराज चल रहा था।
फायरिंग के बाद मिला शव
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद उसका शव नर्सरी परिसर के समीप एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पूरन वनखेड़ी गांव का ही रहने वाला है। मामले की जांच की जा रही है।
एंबुलेंस नहीं मिलने पर निजी वाहन से रेफरघायलों को पहले रायसेन जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डिप्टी रेंजर को भोपाल रेफर किया गया, लेकिन उस समय एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। बाद में उन्हें निजी एंबुलेंस से भोपाल रवाना किया गया। इस घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना के सभी कारणों व परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।