हरिद्वार, 17 फ़रवरी । स्टेट बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के चुनाव के तहत हरिद्वार जनपद में कुल 1026 पंजीकृत मतदाताओं में से 827 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मंगलवार को रोशनाबाद स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। रोशनाबाद जिला मुख्यालय पर सूचीबद्ध 1026 अधिवक्ताओं में से 827 ने मतदान किया। हालांकि, कुछ अधिवक्ताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल न होने पर नाराजगी भी देखने को मिली।
इस चुनाव में 23 निर्वाचित सदस्य पदों के लिए 104 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के बाद दो महिला सदस्यों को मनोनीत किया जाएगा।
कचहरी परिसर में दिनभर प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए। उल्लेखनीय है कि बार काउंसिल के चुनाव लगभग आठ वर्ष बाद आयोजित हो रहे हैं, जबकि सामान्यतः ये चुनाव प्रत्येक पांच वर्ष में संपन्न होते हैं। लंबे अंतराल के बाद हो रहे चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।