कानपुर, 18 फरवरी । देश में 137 राजनीतिक दल चुनाव आयोग में पंजीकृत हैं, जिनमें से छह दल राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता प्राप्त हैं, परंतु इन सभी में भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसा दल है जो अपने कार्यकर्ताओं को नियमित और सुनियोजित प्रशिक्षण प्रदान करता है। यह बातें बुधवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी ने कही।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिला द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन गार्डन विला, केशवपुरम में संपन्न हुआ। कार्यशाला का शुभारम्भ दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर, दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गान से हुआ।
देवेश कोरी ने कहा कि 1951 में जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक भाजपा ने अनुशासन, विचार और राष्ट्रसेवा के पथ पर चलते हुए जनता के बीच अपनी विश्वसनीय पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज विपक्षी दलों का आचरण इसलिए असंतुलित दिखाई देता है क्योंकि उन्होंने कभी अपने कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण देने की परम्परा विकसित नहीं की। भाजपा का कार्यकर्ता विचार, व्यवहार और संगठन तीनों स्तरों पर प्रशिक्षित और प्रतिबद्ध होता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित ने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी संगठन की रीढ़ होता है। कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति है और समय-समय पर वैचारिक, संगठनात्मक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण से ही संगठन मजबूत बनता है। सभी कार्यकर्ता इस महाअभियान को गंभीरता से लेते हुए अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें।
समापन सत्र में यह निर्णय लिया गया कि प्रशिक्षण महाअभियान के प्रथम चरण में मंडल स्तर पर सात मार्च से 13 अप्रैल तक प्रशिक्षण वर्ग आयोजित कर पूर्ण किए जाएंगे। इन वर्गों के माध्यम से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री संतोष शुक्ला ने किया।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण महाअभियान का संयोजक जिला महामंत्री संतोष शुक्ला को तथा सह संयोजक के रूप में जितेंद्र विश्वकर्मा, आशा पाल एवं सत्यम गुप्ता को दायित्व सौंपा गया है। कार्यशाला में विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, विधायक नीलिमा कटियार, राकेश सोनकर आनंद राजपाल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, दिनेश राय, दिवाकर मिश्रा सतेंद्र मिश्रा अवधेश सोनकर आनंद मिश्रा उमेश निगम श्रीकृष्ण दीक्षित राजेश भदौरिया आदि लोग मौजूद रहे।