जेवर व्यवसायी को लूटने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

Spread the love

रामगढ़, 18 फ़रवरी । जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक जेवर व्यवसायी को लूटने वाले गिरोह के चार सदस्याें काे पुलिसने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लूट कांड में प्रयुक्त देसी कट्टा, अल्टो कार, पल्सर बाइक, और एक बुलेट जब्त की गई है। साथ ही लुटेरों की ओर से लूटा गया जेवर भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र अंतर्गत मो सद्दाम उर्फ सद्दाम उर्फ छोटू उर्फ मास, ऐनुल अंसारी, दीपक कुमार और मोइन अंसारी का नाम शामिल है।

एसपी अजय कुमार ने बताया कि 4 फरवरी को गोला के बिहारी ज्वेलर्स के मालिक बिहारी प्रसाद स्वर्णकार दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुकरीगढ़ा भेड़ा पुल के पास अपराधियों ने ओवरटेक कर उन्हें रोका और हथियार का भय दिखाकर 70000 नगद, आभूषण से भरा थैला, मोबाइल, बाइक की चाबी लूट ली। इस मामले में बिहारी प्रसाद के बयान पर गोला थाने में मामला दर्ज किया गया था।

एसपी अजय कुमार ने बताया कि डीएसपी हेड क्वार्टर चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि केरेडारी निवासी दीपक कुमार रांची में रहकर लूट की एक दूसरी वारदात को अंजाम देने वाला है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और दीपक को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक देसी कट्टा, 8 एमएम का एक जिंदा गोली, एक सोने का कान बाली, एक पल्सर बाइक, कांड में प्रयुक्त बुलेट बाइक बरामद किया गया।

दीपक की निशानदेही पर तीन अन्य अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आए। एसपी ने बताया कि मो सद्दाम, ऐनुल अंसारी और मोइन अंसारी को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 8 जोड़ा सोने का कानबाली, दो सोने का चेन चार, चार मंगलसूत्र और एक अल्टो कार बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी लोग शातिर अपराधी हैं। मो सद्दाम उर्फ सद्दाम उर्फ छोटू और मास 30 वर्ष का है। लेकिन उसके खिलाफ बोकारो, रामगढ़, रांची, हजारीबाग जिले में नौ कांड दर्ज हैं। वह अब तक तीन बार जेल जा चुका है।

ऐनुल अंसारी के खिलाफ हजारीबाग और रामगढ़ जिले में तीन वारदात दर्ज हैं और वह भी तीन बार जेल जा चुका है। मुइन अंसारी के खिलाफ पेटरवार थाने में मामला पहले भी दर्ज हो चुका है। दीपक सबसे शातिर अपराधी है। वह उसके खिलाफ चार मामले पहले ही दर्ज हैं।वह चार बार जेल भी जा चुका है।

एसपी ने बताया कि लुटेरों के इस गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी छापेमारी जारी है। यह गिरोह बाइक और कार से लंबे समय तक रेकी कर जेवर व्यवसायियाें को अपना शिकार बनाता था। इस गिरोह में दर्जनों लोग के शामिल होने का पुख्ता प्रमाण है।

अपराधियों को गिरफ्तार करने में लगी टीम में गोला सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, कुमार प्रभात रंजन, संजय कुमार रजक शामिल हैं।