मुरादाबाद, 19 फरवरी । भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद मंडल इकाई ने गुरुवार को जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के कानूनगो काे ₹14000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपित कानूनगो के मुंशी को हिरासत में ले लिया गया। आरोप है कि पकड़े गए आरोपित कानूनगो ने शिकायतकर्ता के नक्शा दुरुस्तीकरण के वाद में एडीएम संभल को रिपोर्ट आख्या प्रेषित करने के एवज में रिश्वत ली है। ट्रैप टीम प्रभारी इंस्पेक्टर नवल मरवाह के नेतृत्व में आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
इंस्पेक्टर नवल मरवाह ने बताया कि जनपद संभल के थाना जनाबाई तहसील गुन्नौर के ग्राम ढंडूमरा निवासी बलवीर पुत्र डंबर ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद के कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि मुरादनगर के थाना सिविल लाइन स्थित जसवंत पुरी निवासी तस्लीम अहमद पुत्र मुस्तफा अहमद जनपद संभल की तहसील गुन्नौर में क्षेत्र कादराबाद के कानूनगो है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपित कानूनगो ने
नक्शा दुरुस्तीकरण के वाद में एडीएम संभल को रिपोर्ट आख्या प्रेषित करने के एवज में ₹14000 रिश्वत मांगी है।
इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम ने अपना जाल बिछाया और शिकायतकर्ता बलवीर को गुरुवार दोपहर तहसील गुन्नौर कार्यालय के पास बुलाया और रंग लगे ₹14000 के नोट थमा दिए। इसके बाद शिकायतकर्ता बलवीर कानूनगो के कार्यालय में पहुंचा और उसको रिश्वत के ₹14000 थमा दिए जैसे ही आरोपित कानूनगो ने रिश्वत की रकम पकड़ी वैसे ही एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया और उसके पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली। आरोपित कानूनगो के साथ जनपद संभल के थाना गुन्नौर के गांव गुन्नौर अब्दुलहई निवासी उसके मुंशी महेंद्र पाल पुत्र रमेश चंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इंस्पेक्टर नवल मरवाह ने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपित कानूनगो और उसके मुंशी के विरुद्ध थाना गुन्नौर में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही संकलित साक्ष्य के रूप में शिकायतकर्ता का प्रार्थना पत्र, फ्री ट्रैप जांच अख्या, शिकायतकर्ता के बयान, शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेज तथा आमने-सामने हुई वार्ता की ऑडियो रिकॉर्डिंग, बरामदगी व रिश्वत लेने की वीडियो ग्राफी दी गई है। साथ ही मामले की विवेचना निरीक्षक राखी को आंवटित करने पर विचार करने के लिए कहा गया है।