कैथल, 20 फ़रवरी । एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा है कि कैथल शहर में जरूरत अनुसार अपराध एवं सड़क हादसे रोकने के लिए लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों को लेकर डीएमसी की अगुवाई में पुलिस की संयुक्त टीम जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार करेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर नगर परिषद कैथल संबंधित प्वाइंटस पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएगी ताकि सड़क हादसों को रोकने सहित आपराधिक घटनाओं की जांच में मदद मिल सके। पुलिस इन कैमरों की मदद से ऑनलाइन चालान जैसी कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कर पाएगी। इसके अलावा वन विभाग के अधिकारी जिले भर की सड़कों के किनारे उग आई झाडि़यों की कटाई-छंटाई सुनिश्चित करें ताकि वे हादसों का कारण न बनें। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सड़कों की मरम्मत एवं नवनिर्माण के कार्य को तय सीमा में पूरा करवाएं। कई बार अधूरे कार्य हादसों का का कारण बनते हैं। इसके अलावा चौक-चौराहों पर खराब पड़ी रेड लाइट की रिपोर्ट तैयार करते हुए शहरी निकाय अधिकारी इन्हें ठीक करवाएं।
एडीसी डॉ. सुशील कुमार शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बैठक में एजेंडे में शामिल सभी बिंदुओं पर एक-एक करके चर्चा की तथा अधिकारियों से पूर्ण फीडबैक ली। एडीसी ने कहा कि जिला में दुर्घटनाओं को रोकना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है और इन सभी कार्यों को सामाजिक तौर पर प्राथमिकता से करें। कार्यों में कहीं भी लापरवाही न बरतें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी चौकों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखें, कहीं भी जाम जैसी स्थिति पैदा न होने दें। ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मचारी अलर्ट होकर कार्य करें। बिना हेल्मेट व सीट बैलेट के लिए आमजन को जागरूक करें और नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई करते हुए चालानिंग की जाए। उन्होंने आरटीए को निर्देश दिए कि वे स्कूल बसों की चेकिंग को निरंतर जारी रखें।
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के दुरुस्तीकरण कार्य में गति लाएं। विभाग से संबंधित जो-जो बिंदू एजेंडें में शामिल है, उन पर कार्रवाई अमल में लाई जाए। एडीसी ने कैथल-चीका रोड, कैथल-करनाल रोड, ब्राह्मणीवाला, तितरम मोड से कैथल, राजौंद में निर्माणाधीन सड़क, गांव कौल की सडक, पूंडरी-काकौत रोड, खनौरी बाईपास रोड, पूंडरी-पाई रोड, नजदीक शहीद उधम सिंह पार्क रोड, नजदीक सिग्नस अस्पताल अंबाला रोड आदि स्थानों पर सड़कों पर हुए गड्ढाें व सड़कों के नवनिर्माण को लेकर चल रही कार्रवाई की रिपोर्ट ली। उन्होंने कहा कि यदि इन स्थानों पर कहीं काम चल रहा है तो वहां पर कार्य में गति लाएं। उन्होंने नेशनल हाईवे पर अवैध कटों को बंद करने, स्पीड लिमिट बोर्ड व अन्य साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत जारी निर्देशों का भी गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही एजेंडे में शामिल सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों को काम पूरा करके एटीआर आरटीए कार्यालय में देने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि हादसे रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि किसी हादसे में किसी व्यक्ति की जान चली जाती है तो उस परिवार की क्षति को कभी पूरा नहीं किया जा सकता। इसलिए हम सभी को हादसों को रोकने के लिए एक टीम की तरह मिलकर काम करना चाहिए।
इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, आरटीए गिरिश कुमार, डीएमसी कपिल शर्मा, एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, जीएम रोडवेज कमलजीत चहल, सीएमओ रेणू चावला, डीईओ सुभाष, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।