मतदान को लेकर डीसी और एसपी ने की ब्रीफिंग

Spread the love

चतरा, 22 फ़रवरी । नगर परिषद चुनाव के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। चतरा में 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना की प्रक्रिया संपन्न होगी। रविवार को चतरा कॉलेज परिसर में मतदान कर्मियों के लिए संयुक्त ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। ब्रीफिंग में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कीर्तिश्री जी, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल एवं सामान्य प्रेक्षक सुधीर दास उपस्थित रहे।

इस दौरान निर्वाचन कार्य से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने मतदान सामग्री की सुरक्षित हैंडलिंग, बैलेट पेपर एवं मतपेटी से संबंधित प्रावधान, सीलिंग प्रक्रिया तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुपालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सभी मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी है। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। सामान्य प्रेक्षक ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। ब्रीफिंग के बाद मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला प्रशासन ने परिवहन, सुरक्षा, संचार एवं आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की है।