धारकण्डी में सड़कों एवं पुलों के निर्माण पर 50 करोड़ व्यय : केवल सिंह पठानिया

Spread the love

धर्मशाला, 23 फ़रवरी । शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकण्डी में विभिन्न सड़कों एवं पुलों के निर्माण और सुधारीकरण पर लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 50 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को भलेड़ पंचायत में 24 लाख रुपये की लागत से बने स्वास्थ्य उपकेंद्र भलेड़ के उद्घाटन तथा राजकीय उच्च विद्यालय भलेड़ में 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त भवन के शिलान्यास अवसर पर दी।

उन्होंने बताया कि जलशक्ति विभाग द्वारा पंचायत में सुचारू एवं निर्बाध पेयजल सुविधा के लिए लगभग 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अतिरिक्त धारकण्डी क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था के सुधार हेतु लगभग 5 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जिससे कम वोल्टेज की समस्या से राहत मिली है और लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि दरीणी में अत्याधुनिक तहसील भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए 57 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है। शेष राशि भी समयानुसार जारी कर दी जाएगी।

उपमुख्य सचेतक ने भलेड़ निवासी सचिन, जिनके माता-पिता नहीं हैं, को मुख्यमंत्री सुखआश्रय योजना के तहत हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।