रीको थर्ड फेज में कपड़ा गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

Spread the love

भीलवाड़ा, 23 फरवरी । भीलवाड़ा के औद्योगिक क्षेत्र रीको थर्ड फेज में सोमवार शाम एक कपड़ा गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दो से तीन गोदाम इसकी चपेट में आ गए। आसमान में उठते काले धुएं के गुबार और ऊंची लपटों से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

प्रताप नगर थाने के सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह के अनुसार, थर्ड फेज स्थित एमडी क्रिएशन के गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लगी। प्रारंभिक रूप से आग एक गोदाम में लगी थी, लेकिन वहां रखे कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैल गई। आग गोदाम के पीछे स्थित दूसरे परिसर तक पहुंच गई, जिससे नुकसान का दायरा बढ़ गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच से छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन भी लगाए गए। दमकल कर्मियों को आग पर नियंत्रण पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर लपटों को काबू में लाने का प्रयास किया गया। एहतियातन फैक्ट्री परिसर के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर आमजन की आवाजाही रोक दी गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस और प्रशासन ने भीड़ को हटाकर राहत एवं बचाव कार्य को सुचारू रूप से संचालित किया। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा कपड़ा, तैयार माल और मशीनरी के जलकर नष्ट होने की आशंका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है।

आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। विद्युत शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री प्रबंधन से भी विस्तृत जानकारी ली जा रही है। इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। जिला प्रशासन ने रीको क्षेत्र की फैक्ट्रियों और गोदामों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।