आने वाले समय में निगरानी तंत्र और गश्त व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएंगे : आईजी ओमप्रकाश

Spread the love

बीकानेर, 25 फ़रवरी । बीकानेर रेंज के नए आईजी ओमप्रकाश द्वितीय ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

आईजी ओमप्रकाश द्वितीय ने साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर ठगी के शिकार लोगों को शिकायत दर्ज कराने के लिए कई किलोमीटर दूर बीकानेर आना पड़ता है। अब प्राथमिकता यह रहेगी कि ऐसे पीड़ित ग्रामीण तहसील स्तर के थानों में ही अपनी रिपोर्ट दर्ज करवा सकें। इसके लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। बीकानेर एक बॉर्डर एरिया से जुड़ा जिला होने के कारण सुरक्षा और सतर्कता को विशेष महत्व दिया जाएगा। आईजी ने संकेत दिए कि आने वाले समय में निगरानी तंत्र और गश्त व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी ताकि अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान पुलिस जवानों ने आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में एसपी कावेंद्र सागर, एडिशनल एसपी चक्रवर्ती सिंह और सीओ अनुष्ठा कालिया सहित कई आला अधिकारी उपस्थित रहे।