दो दिवसीय कृषि यांत्रीकरण मेला सह प्रदर्शनी 2025-26 का भव्य शुभारंभ

Spread the love

सहरसा, 27 फ़रवरी ।कृषि विभाग के प्रांगण में शुक्रवार को दो दिवसीय कृषि यांत्रीकरण मेला सह प्रदर्शनी 2025-26 का शुभारंभ शुक्रवार काे किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक (शस्य), सहरसा प्रमंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।उद्घाटन सत्र में जिले भर से आए सैकड़ों किसानों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बना दिया।

उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित अधिकारी जिला कृषि पदाधिकारी संजय कुमार,उपनिदेशक कृषि अभियंत्रण, जिला उद्यान पदाधिकारी, वैज्ञानिकगण, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सदर एवं सिमरी जिला परामर्शी, विभिन्न प्रखंडों से आए प्रखंड कृषि पदाधिकारी,बीटीएम एटीएम, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं कृषि विभाग के अन्य कर्मियों ने किसानों का उत्साहवर्धन किया तथा कृषि यांत्रिकरण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा पंजीकृत कृषि यंत्र विक्रेताओं द्वारा प्रदर्शनी में लगाए गए उन्नत कृषि यंत्रों का प्रदर्शन। विभिन्न कंपनियों एवं विक्रेताओं ने आधुनिक तकनीक से युक्त खेती में उपयोगी यंत्रों का प्रदर्शन किया, जिनमें पावर टिलर, रोटावेटर, सीड ड्रिल, रीपर-कम-बाइंडर, स्प्रे मशीन, ड्रोन, पंपसेट, प्लांट प्रोटेक्शन इक्विपमेंट एवं अन्य कृषि नवाचार शामिल रहे।

किसानों ने इन यंत्रों को प्रत्यक्ष रूप से देखा, उनकी कार्यप्रणाली को समझा तथा तकनीकी विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की। यांत्रीकरण मेला में लॉटरी के माध्यम से चयनित 398 यंत्र का स्वीकृति पत्र निर्गत किया गया, जिसमें कुल अनुदान की राशि 80 लाख है।इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि कृषि यांत्रिकरण समय की जरूरत है और इससे न केवल श्रम एवं समय की बचत होती है बल्कि उत्पादन एवं उत्पादकता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सरकार द्वारा उपलब्ध विभिन्न अनुदान योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई, ताकि वे कम लागत पर उन्नत यंत्र प्राप्त कर सकें।मेला परिसर में किसानों के लिए तकनीकी परामर्श केंद्र भी स्थापित किए गए जहाँ कृषि वैज्ञानिकों तथा विशेषज्ञों ने फसल प्रबंधन, जैविक कृषि, सिंचाई तकनीक, उन्नत बीजों के चयन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी तथा पशुपालन से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की।

किसानों ने विभागीय अधिकारियों से अपनी समस्याएँ साझा कीं और समाधान भी प्राप्त किया।मेला का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ना,उन्हें नवीनतम यंत्रों के प्रति जागरूक करना तथा कृषि उत्पादन को गति देना है।कार्यक्रम के प्रथम दिन ही किसानों ने प्रदर्शनी में अत्यधिक रुचि दिखाई और बड़े पैमाने पर तकनीकी जानकारी प्राप्त की।दो दिवसीय यह मेला किसानों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक तथा तकनीक समृद्ध साबित हो रहा है।