पूर्वी सिंहभूम, 03 मार्च । पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह इलाके में स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में संचालित देह व्यापार के अड्डे का पुलिस ने खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि कुछ आरोपित मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार सभी आरोपिताें को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की ओर से लगातार शिकायत की जा रही थी कि मिर्जाडीह में अवैध देह व्यापार का धंधा संचालित हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और सटीक सूचना मिलने के बाद संबंधित आइसक्रीम फैक्ट्री में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कई लोगों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया तथा मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई।
पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक के साथ मानगो के मुंशी मोहल्ला निवासी परवेज आलम उर्फ मुन्ना मोटू, बिहार के सासाराम निवासी शांतनु कुमार, पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी अभिषेक दास और पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के सरहुल विश्वास को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त पश्चिम बंगाल की तीन महिलाओं और ओडिशा की एक युवती को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार कुल नौ नामजद आरोपिताें के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मंगलवार को थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ आरोपित फरार हो गए, जिनमें मानगो मुंशी मोहल्ला इमामबाड़ा के पास रहने वाला परवेज आलम उर्फ मुन्ना मोटू तथा संबंधित मकान का मालिक भी शामिल बताया जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मिर्जाडीह इलाका डिमना डैम के समीप स्थित है और स्थानीय लोगों के अनुसार यहां लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलती रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पुलिस को सूचना देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि इस बार पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध धंधों पर सख्ती की उम्मीद जताई जा रही है।