रीवा, 03 मार्च । मध्य प्रदेश के रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत छतैनी में होली के फाग गाने निकले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। सोमवार रात हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नित्यानंद सिंह के रूप में हुई है। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद के दौरान उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते नित्यानंद सिंह पर हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही पनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में छह संदेहियों को हिरासत में लिया है। सभी संदेही छतैनी गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है।
गांव में स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की है।