शहर में मची फागोत्सव की धूम, गूंजे होली के गीत
जोधपुर, 17 फरवरी (हि.स.)। शहर में फाल्गुन माह शुरू होते ही फाग उत्सव की धूम मची गई है। शहर में विभिन्न मंदिरों सहित सामाजिक स्थलों पर फाग उत्सव के तहत फाग गीत गाए जा रहे है। इसी कड़ी में कई स्थानों पर फाग उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढकऱ भाग लिया। इसमें महिलाओं ने फाग गीत व कृष्ण भक्ति गीत गाए।
फाल्गुन मास के शुरू होते ही प्रकृति ने वातावरण में मधुरता बिखेरनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही भक्ति का अनूठा दौर शुरू हो गया है। जोधपुर के मंदिरों में फागोत्सव के आयोजन होने लगे हैं। दुनिया के अपनी तरह के अनोखे महिला सन्यासियों के आश्रम अजनेश्वर धाम में आज फागोत्सव मनाया गया। पीठाधीश्वर शांतेश्वर महाराज के सानिध्य में हुए उत्सव में फागुन के गीतों की मधुर स्वर लहरियों पर भक्त झूम उठे। भक्ति रस से सराबोर होकर झूमती भक्तों को शांतेश्वर महाराज में गुलाल लगाकर आशीर्वाद दिया।
इसके साथ ही घांची समाज महिला मंडल की ओर से बाईजी का तालाब स्थित घांची समाज की बगेची में फागोत्सव का आयोजन हुआ। घांची समाज महिला मंडल की प्रवक्ता ने बताया कि फागोत्सव में होरियां गायन के साथ ब्रज की होली आधारित फाग भजनों का गायन किया गया। इस दौरान महिला मंडल की सभी सदस्य फागणिया साड़ी के ड्रेसकोड में आई। भजन गायिका रेखा बोराणा की ओर से होरियों की प्रस्तुति पर साथ में गायन किया। होरी गायन के बीच पुष्प होरी खेलते हुए प्रभु श्रीकृष्ण व राधाजी को खेलो जी खेलो गंगश्याम मौ संग होरी खेलो से मनुहार की गई।