टाटा ऐस पलटने से चालक की मौत

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 07 मार्च । जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में शनिवार को मालवाहक टाटा ऐस पलटने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बनजीरा गांव निवासी संजीत कोड़ा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार संजीत कोड़ा शनिवार को टाटा ऐस में मजदूरों को लेकर धान खरीद केंद्र में लाभुकों का धान लेने के लिए जोड़ापोखर गांव आया हुआ था। वह सड़क किनारे वाहन खड़ा कर ड्राइवर सीट पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक उसका पैर गलती से एक्सीलरेटर पर दब गया। इससे वाहन तेज रफ्तार में आगे बढ़ गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा।

वाहन पलटने के दौरान संजीत कोड़ा उसके नीचे दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन के नीचे से उसे बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।