रेवड़ी बांटकर जनता को गुमराह कर रही पंजाब की आप सरकार :नायब सैनी

Spread the love

चंडीगढ़, 09 मार्च । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आप सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल चुनावी रेवड़ी बांटने और लोक-लुभावने वादों से जनता को गुमराह कर रहे हैं।

चंडीगढ़ में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पंजाब सरकार बजट में महिलाओं को नकद सहायता जैसी घोषणाएं कर रही है, लेकिन इससे जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता। सैनी ने दावा किया कि पंजाब के लोग मौजूदा सरकार से तंग आ चुके हैं और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह दिल्ली में आम आदमी पार्टी को झटका लगा, उसी तरह पंजाब में भी उसका राजनीतिक भविष्य तय है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र की आयुष्मान भारत योजना के लाभ में बाधा डाल रही है। सैनी ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पंजाब को भी विकास के मामले में नंबर-वन राज्य बनाएगी।

पंजाब की आप सरकार द्वारा बजट में एससी वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपए तथा अन्य महिलाओं को 1000 रुपए देने की घोषणा के सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को नजदीक देख कर आप सरकार रेवड़ी बांट रही है लेकिन इससे उनकी पार्टी को कोई फायदा नहीं होगा क्योंकि पंजाब की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है।

सैनी ने चुटकी लेते हुए कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी चुनाव के समय लोक लुभावनी घोषणाएं करते थे, जैसा हाल उनका हुआ है वैसा ही हाल पंजाब में भगवंत मान की सरकार का अगले विधानसभा चुनाव में होगा। उन्होंने कहा कि जब भी पंजाब के लोग उनसे मिलने आते हैं तो वे बताते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बनाई गई आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने में पंजाब की आप सरकार रोड़े अटका रही है। पात्र लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिला पा रहा है।

नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर पिछले दिनों उनके पंजाब राज्य के दौरे के दौरान हुए कार्यक्रमों में अड़ंगा डालने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के हरियाणा आगमन पर उनके मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल का सम्मान करते हुए पूरा उन्हें पूरा आदर सम्मान दिया जाता है।