गोकलपुर हत्याकांड : पुराने आरटीओ कार्यालय के पास से सातवां आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जबलपुर, 13 मार्च । रांझी थाना क्षेत्र के गोकलपुर में सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड के सातवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुराने आरटीओ कार्यालय के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी कमलेश महुबिया पुराने आरटीओ कार्यालय के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से वारदात में प्रयुक्त बाइक और खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में कुल आठ लोगों की संलिप्तता सामने आई थी। अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी छोटू ठाकुर अभी भी फरार है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

जानकारी के अनुसार यह घटना 9 फरवरी की है, जब सड़क पर बाइक और कार की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने एकांत साहू नामक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल एकांत साहू की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही मामले में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा किया जा सके।