बकाया कर न देने पर एमसीडी ने व्यावसायिक भवन को किया सील

Spread the love

नई दिल्ली, 14 मार्च । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने संपत्ति कर बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को निगम के पश्चिमी जोन में एक व्यावसायिक भवन को सील किया।

यह चार मंजिला परिसर नजफगढ़-नांगलोई मुख्य मार्ग पर बापरोला में स्थित है और इसे कई वर्षों से जमा बकाया संपत्ति कर का भुगतान न किए जाने के कारण सील किया गया।

पश्चिमी जोन के संयुक्त कर निर्धारक एवं समाहर्ता रंजन कुमार ने बताया कि संबंधित संपत्ति पर पिछले कई वर्षों का लगभग 22 लाख रूपये का संपत्ति कर बकाया था।

रंजन कुमार ने कहा कि इस संबंध में संपत्ति मालिक को कई बार सूचित करने के पश्चात भी करदाता ने संपत्ति कर अदा नहीं किया। तत्पश्चात विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया को पूरा करते हुए आज संपत्ति को सील कर दिया है।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने संपत्ति कर नियमों के सख्त अनुपालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी करदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते और सही तरीके से अपने बकाया का निपटान करें।