किया है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार देर शाम खूंटी थाना क्षेत्र की तजना नदी के समीप नहर किनारे की गई छापेमारी में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई से जुड़े छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में विजय भोक्ता (26), धीरज कुमार (22), अभिषेक कुमार (29), शुभम कुमार पोद्दार (25), निमिष गोप उर्फ हनी (30) और रांची के पोखर टोली, मिलन चौक, हिनू निवासी राम अयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा (43) शामिल हैं।
इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस, कई मोबाइल फोन, लेवी वसूली से जुड़े दस्तावेज और विभिन्न बैंकों के चेक और पासबुक बरामद किए गए हैं।
यह जानकारी खूंटी एसपी मनीष टोप्पो ने शनिवार को प्रेस वार्ता में दी। एसपी ने बताया कि गत शुक्रवार की शाम यह सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी कार से आकर तजना नदी के पास नहर किनारे इकट्ठा हुए हैं और वे अवैध हथियार के साथ लेवी की राशि लेने एवं किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ वरुण कुमार रजक के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तजना नदी के समीप नहर किनारे से विजय भोक्ता, धीरज कुमार और अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक राम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इन लोगों ने अपने अन्य साथियों के रांची की ओर जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कालामाटी टुंगरी के पास पीछा कर एक्सयूवी-500 कार में सवार शुभम कुमार पोद्दार उर्फ शुभम कुमार, निमिस गोप उर्फ हनी और राम आयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा को भी पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 13 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 7.65 एमएम का एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 22 जिंदा कारतूस, विभिन्न नामों के बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, अलग-अलग नाम से खरीदे गए मोबाइल फोन की रसीदें, पीएलएफआई संगठन के पर्चे, लेवी वसूली का हिसाब लिखी नोटबुक एवं व्यवसायियों-ठेकेदारों के नाम, पता और मोबाइल नंबर की सूची बरामद की गई। इसके अलावा जमीन खरीद-बिक्री से संबंधित कागजात और दो कार (स्विफ्ट संख्या जेएच 01ईयू-2791 तथा एक्सयूवी-500 संख्या जेएच 01बीजे-0012) भी जब्त की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वे व्यवसायियों और ठेकेदारों की जानकारी जुटाकर जेल में बंद पीएलएफआई के सदस्यों को भेजते थे। इसके बाद मोबाइल फोन के माध्यम से ट्वीनमी और जंगी एप से वर्चुअल नंबर बनाकर फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए धमकी भरे संदेश और पर्चे भेजकर लेवी की मांग की जाती थी। लेवी नहीं देने पर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर पीएलएफआई के नाम से पर्चा जारी किया जाता था।
पुलिस ने इसे लेकर खूंटी थाना मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपितों की संलिप्तता पूर्व की कई घटनाओं में भी रही है। इनमें 2 दिसंबर 2025 को खूंटी के पिपराटोली चौक स्थित शराब दुकान में बम विस्फोट कर पर्चा फेंकने, 24 दिसंबर 2025 को खूंटी के डुगडुगिया स्थित क्रेशर प्लांट में फायरिंग कर लेवी मांगने, 23 फरवरी 2026 को शराब व्यवसायी यश कुमार साहू को मोबाइल से धमकी देकर लेवी मांगने और 9 दिसंबर 2025 को तोरपा थाना क्षेत्र के डोड़मा स्थित क्रेशर प्लांट में फायरिंग की घटनाएं शामिल हैं।
बताया गया कि गिरफ्तार शुभम कुमार पोद्दार पूर्व में भी संगीन मामलों में दो बार जेल जा चुका है। वहीं राम अयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा भी आर्म्स एक्ट के मामले में एक बार जेल जा चुका है।