ऊना, 14 मार्च । ऊना जिले के प्रो. सिम्मी अग्रिहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य, स्टाफ और विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लोकनृत्य, गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इस मौके पर शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने छात्रों से आधुनिक तकनीक और नवाचार को अपनाने और समाज तथा प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान को स्थापित करने और मजबूत बनाने में समय और मेहनत लगती है। यह कॉलेज अभी अपने शुरुआती वर्षों में है और इसे लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 31 मार्च 2026 तक कॉलेज के निर्माण कार्य को पूरा किया जाए।
मुकेश अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में हरोली क्षेत्र में शिक्षा के बदलते हालात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले यहां कई महिलाएं अशिक्षित थीं और सरकारी कामों के लिए अंगूठा लगाना पड़ता था। लेकिन अब हालात बदल रहे हैं और क्षेत्र की छात्राएं पढ़ाई में आगे बढ़कर देश स्तर पर भी नाम कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब वह 2003 में पहली बार विधायक बने थे, तब क्षेत्र में केवल चार सीनियर सेकेंडरी स्कूल थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 33 हो चुकी है। इसके अलावा तीन सरकारी कॉलेज, ट्रिपल आईटी, केंद्रीय विद्यालय, दो आईटीआई, लॉ और नर्सिंग कॉलेज भी स्थापित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कॉलेज खुलने से क्षेत्र की छात्राओं को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है, क्योंकि पहले कई परिवार अपनी बेटियों को ऊना कॉलेज भेजने से हिचकिचाते थे। अब वही छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कॉलेज प्रबंधन को अपनी ओर से 51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की और कहा कि इस संस्थान के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।