पानीपत: समालखा के पार्क में बंदरो का आतंक, कई लोग घायल

Spread the love

पानीपत, 14 मार्च । जिल की तहसील समालखा स्थित गोल्डन पार्क में सुबह की सैर पर निकले कई लोगों पर बंदरों ने हमला कर दिया व दो व्यक्तियों को काट भी लिया , जबकि कई अन्य घायल हो गए। पार्क में योग कर रहे योग समिति के सदस्यों ने डंडों से बंदरों को भगाने का प्रयास किया लेकिन विफल रहे।

गोल्डन पार्क योग समिति के सदस्य कुलभूषण अरोड़ा ने शनिवार की बताया कि बंदरों ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाया। पार्क रख रखाव कमेटी के पूर्व प्रधान रामनिवास गोयल और संजय तथा अन्य लोगों ने डंडे लहराकर बंदरों को भगाया। बंदरो ने 55 वर्षीय बालकिशन को दो जगह काटा, जबकि बुजुर्ग गोपाल के कंधे पर हमला किया। दोनों को पीछे से निशाना बनाया गया। गोल्डन पार्क में बंदरों के आतंक का यह कोई नया मामला नहीं है।

इससे पहले भी कई बार बंदरों द्वारा लोगों को काटा जा चुका है। हाल ही में रघुनाथ मंदिर मॉडल टाउन के वरिष्ठ नागरिक बलवंत मल्होत्रा को घर से बाहर निकलते समय बंदरों ने घेर लिया था और कई जगह काट लिया था। इस समय पूरा क्षेत्र ही बंदरों के आतंक से त्रस्त है। पूर्व पार्षद कुलभूषण अरोड़ा ने बताया कि बंदरों के डर से बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों ने पार्क में आना बंद कर दिया है। बंदर पेड़-पौधों के पीछे छिपकर हमला करते हैं। पार्क के सजावटी पौधे भी नष्ट हो गए हैं। बंदरों के भय से चिड़ियां भी घोंसले नहीं बना पा रही हैं। योग समिति के सदस्यों ने नगर परिषद समालखा, उपमंडल अधिकारी (नागरिक) और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बंदरों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो पार्क पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगा।