सिरसा, 14 मार्च । पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले के नाथूसरी चोपटा क्षेत्र से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 80 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुलबीर सिंह, प्रदीप, राजदीप, अनिल व सुरेंद्र के रूप में हुई है।
सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने शनिवार को बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस टीम गांव कर्मगढ क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से कार आई जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गए। पुलिस ने कार को चेकिंग के लिए रोका और तलाशी ली तो कार से 70 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने कार सवार तीन लोगों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी कुलबीर सिंह, प्रदीप, राजदीप के रूप में हुई।
इसके अलावा पुलिस ने भट्टू रोड क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दस ग्राम हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनिल व सुरेंद्र के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों के खिलाफ नाथूसरी चोपटा थाना में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर सिरसा में पांव नहीं पसारने दिए जाएंगे।