तेल टैंकर से टकरायी कार , चार घायल

Spread the love

जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मुरहू थाना क्षेत्र में एक तेल टैंकर और कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक युवती सहित कुल चार लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग बंदगांव से मुरहू की ओर जा रहे थे, जबकि तेल टैंकर विपरीत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में मनु सोय (कोचांग निवासी) और गोंडा मुंडरी (सवानिया, बंदगांव निवासी) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं घायल युवती सीमा मुंडरी और सीटे भेंगरा की स्थिति फिलहाल सामान्य है, जिनका प्राथमिक उपचार मुरहू अस्पताल में किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।