खूंटी, 21 मार्च । खूंटी- चाईबासा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुरहू चौक के पास शुक्रवार की देर रात एक अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे स्थित पांच दुकानों को टक्कर मार दी, जिससे भारी नुकसान हुआ। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानदारों को काफी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
घटना में राजेश चौधरी, राजू सोमनानी, निखिल चौधरी, महेश चौधरी तथा उप प्रमुख अरुण साहू की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। इनमें सबसे अधिक क्षति निखिल चौधरी की दुकान को हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर लोहे का स्क्रैप लेकर चाईबासा की ओर जा रहा था। चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर पास की दुकान में सामान लेने चला गया। इसी दौरान ट्रेलर अचानक ढलान पर लुढ़क गया और सड़क किनारे स्थित दुकानों से जा टकराया, जिससे कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के समय तेज बारिश हो रही थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा के प्रतिनिधि सह पूर्व जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो मौके पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मिलकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान खूंटी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रियांक भगत, भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुरेश जसवाल, संजय, सूरजमाल साहू एवं लक्ष्मी साहू सहित कई लोग उपस्थित थे।