सुपौल में दो दिवसीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ, आधुनिक खेती पर जोर

Spread the love

सुपौल, 21 मार्च । जिले मुख्यालय स्थित संयुक्त कृषि भवन परिसर में 21 एवं 22 मार्च को आयोजित दो दिवसीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत सजावटी पौधे देकर किया गया। उद्घाटन सत्र में जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा पप्पू कुमार ने आत्मा योजना के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने राज्य एवं जिला स्तर पर आयोजित कृषक प्रशिक्षण, परिभ्रमण, किसान पाठशाला, वैज्ञानिक संगोष्ठी, किसान चौपाल एवं नवाचार कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के वित्त, ऊर्जा, योजना एवं विकास विभाग के प्रतिनिधि रामचन्द्र प्रसाद यादव ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को “लैब से लैंड” तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है।

किसान मेला में विभिन्न प्रखंडों के तकनीकी प्रबंधकों एवं नवाचार किसानों द्वारा मोटे अनाज , सब्जी, मसाला, तरबूज, दलहन, मशरूम, आलू, जूट, राजमा एवं ओल की खेती सहित वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन से संबंधित स्टॉल लगाए गए। साथ ही समेकित कृषि प्रणाली का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर किसानों से जानकारी प्राप्त की। तकनीकी सत्र के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र, राघोपुर के वरीय वैज्ञानिक डॉ. नित्यानंद कुमार एवं डॉ. मिथलेश कुमार राय ने किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों एवं समस्याओं के समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी योजनाओं से किसानों को अवगत कराया। इस मेले में जिले के सभी 11 प्रखंडों से 25-25 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कृषि एवं संबद्ध विभागों के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं आत्मा सुपौल के कर्मी उपस्थित रहे। किसानों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा गया।