अनूपपुर, 28 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के श्रमिक नगर में एक मां-बेटे ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। शनिवार की सुबह मृतक 34 वर्षीय मनोज साहू का शव शंकर मंदिर के पास एक इमली के पेड़ के नीचे मिला।
पुलिस ने इस मामले में मृतक की मां रैमुन बाई और उसके बेटे शिवराम चौधरी को गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतमा पुलिस मौके पर पहुंचकर शव का परीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोतिउर रहमान ने बताया कि मृतक मनोज साहू शराब और गांजा पीने का आदी था, जिसके कारण परिवार ने उसे घर से निकाल दिया था। वह कॉलरी के खंडहरनुमा मकान में रहता था। आरोपी शिवराम चौधरी और उसकी मां रैमुन बाई भी पास ही रहते थे। शिवराम और मनोज दोनों गांजा और शराब के आदी थे। शनिवार की सुबह शिवराम चौधरी और मनोज साहू साथ बैठकर गांजा पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो गाली-गलौज से हाथापाई तक पहुंच गया। शिवराम चौधरी ने पास रखे डंडे से मनोज साहू की पिटाई शुरू कर दी। तभी उसकी मां रैमुन बाई भी बाहर निकलीं और मनोज साहू का हाथ पकड़कर उसे हाथों और मुक्कों से पीटने लगीं। मां-बेटे की पिटाई से कुछ ही देर में मनोज साहू की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। हालांकि, पुलिस ने स्थानीय लोगों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस मृतक के परिजनों को सूचना देकर पोस्टमार्टम के लिए बुलाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की पूछताछ के बाद हत्या के मुख्य कारणों का खुलासा किया जाएगा।