पुराने विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, 12 घायल; दो की हालत गंभीर

Spread the love

राजगढ़, 31 मार्च । मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के लीमाचौहान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजुरियाघाटा में मंगलवार सुबह पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया।

इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल 12 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सारंगपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व आदिवासी समाज के एक युवक द्वारा नाबालिग किशोरी को भगाकर विवाह करने की घटना हुई थी। इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।

मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। एक पक्ष की ओर से लाड़सिंह भिलाला की रिपोर्ट पर दिलीप भिलाला, रामेश्वर, करणसिंह, हिन्दूसिंह, बलराम और राधेश्याम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष से राधेश्याम भिलाला की शिकायत पर मनीष उर्फ नागराज, ईश्वर भिलाला, जानीबाई और अनीता भिलाला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है।