करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 01 अप्रैल । बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 5 में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस माैके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 55 वर्षीय आशीष कुमार चटर्जी के रूप में हुई है, जो धनबाद के निवासी थे। वे 29 मार्च को अपनी बहन के घर श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए जमशेदपुर आए हुए थे। बताया जाता है कि 31 मार्च की रात करीब 9 बजे नहाने के बाद वे घर के अंदर कपड़े सुखाने के लिए फैला रहे थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजनों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता धनबाद में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे।

फिलहाल बागबेड़ा थाना पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।