रक्तदान के साथ दो दिवसीय पीपा जयंती महोत्सव शुरू

Spread the love

जोधपुर, 01 अप्रैल । संत शिरोमणि पीपा महाराज की 703वीं जयंती पर दो दिवसीय महोत्सव आज से शुरू हो गया। पहले दिन आज रक्तदान व नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।

श्री समस्त पीपा क्षत्रिय न्याति ट्रस्ट जोधपुर के अध्यक्ष प्रकाश चावड़ा तथा सचिव नरेश सोलंकी ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत आज पहले दिन रातानाडा स्थित समाज भवन में रक्तदान तथा नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। रक्तदान को लेकर युवाओं में भारी उत्साह रहा। वहीं नेत्र जांच के लिए सीनियर सिटीजनों की भीड़ उमड़ी। संत पीपा महाराज के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया गया।

विजय चौक स्थित संत पीपा महाराज के मंदिर के व्यवस्थापक हनुमान चावड़ा ने बताया कि जयंती की पूर्व संध्या पर आज शाम विजय चौक मंदिर में सुंदरकांड पाठ व भजन संध्या का आयोजन डॉ.. विजय लक्ष्मी गोयल के निर्देशन में किया गया। इसके बाद दो अप्रैल को सुबह पीपा महाराज के सभी मन्दिरों पर प्रात: पूजा अर्चना के साथ ही हवन किया जाएगा। समाज के लोग अपने अपने घरों में आराध्य देव की पूजा पाठ कर विश्व शांति की प्रार्थना करेंगे।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल गोयल ने बताया कि दो अप्रैल को सुबह पूजा अर्चना के बाद विजय चौक से शोभायात्रा निकाली जाएगी। विद्याानगर, सूरसागर तथा माता का थान क्षेत्र से शोभायात्रा निकाली जाएगी। ये सभी लघु यात्राएं विजय चौक पहुंचकर मुख्य शोभायात्रा में शामिल हो जाएगी। वहां पर सुबह 10.30 बजे अतिथियों द्वारा केसरिया झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया जाएगा।

शोभायात्रा प्रभारी सीताराम पंवार, पृथ्वीराज चौहान तथा झांकियां प्रभारी दिलीप सोलंकी ने बताया कि शोभायात्रा में भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत अनेक झांकियां शामिल रहेगी। करीब पांच सौ मातृशक्ति अग्रिम पक्ति में कलश उठाए चलेगी। शोभायात्रा विजय चौक मंदिर से आरम्भ होकर अजयचौक, गुलाब सागर, उम्मेद चौक, त्रिपोलिया बाजार, सोजती गेट, मोहनपुरा पुलिया होकर आर्य समाज भवन पहुंच कर संपन्न होगी। कोषाध्यक्ष डा. इन्द्रमल गोयल ने बताया कि इसके पश्चात समाजबंधुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन होगा।