उदयपुर में आपसी रंजिश में युवक की हत्या

Spread the love

उदयपुर, 08 अप्रैल । शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र के सिलावटवाड़ी–बिच्छू घाटी इलाके में मंगलवार देर रात आपसी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर एकत्र हो गए।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 26 वर्षीय साहिल उर्फ सुहानी पुत्र आरिफ के रूप में हुई है। घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार साहिल का ठोकर चौराहा निवासी नईम से लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि नईम अपने कुछ साथियों के साथ सिलावटवाड़ी–बिच्छू घाटी क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान साहिल अपने साथी जीशान के साथ बाइक से अपनी कॉलोनी की ओर जा रहा था।

मौका पाकर आरोपितों ने साहिल पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उस पर चाकू से सीने और कमर के नीचे दो वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल साहिल को तुरंत महाराणा भूपाल (एमबी) हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर एकत्र हो गए। परिजनों ने मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। इस दौरान माहौल भावुक हो गया। मृतक की बहन सानिया खान भाई की मौत की खबर सुनकर फफक कर रो पड़ी और उसे रिश्तेदारों ने संभाला।

मौके पर घंटाघर थाना अधिकारी कर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।