खूंटी, 09 अप्रैल । झालसा के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सह डालसा अध्यक्ष रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में गुरुवार को कर्रा प्रखंड के अंतर्गत ग्राम जबड़ा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डालसा के पैनल अधिवक्ता मदन मोहन राम, ममता सिंह, एवं सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता निखिल मेहता ने मानव तस्करी और वाणिज्यिक यौन शोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने (नालसा) की मानव तस्करी और वाणिज्यिक यौन शोषण पीड़ितों के लिए योजना-2015 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के झांसे में आकर नौकरी के नाम पर कहीं जाने से बचें, क्योंकि ऐसे मामलों में कई बार लोगों को बेच दिया जाता है या बंधुआ मजदूरी में धकेल दिया जाता है।
इसके अलावा उन्होंने नालसा की ओर से चलाए जा रहे एसिड हमले के पीड़ितों के लिए योजना 2016 के तहत तेजाब हमले के पीड़ितों के लिए विधिक सहायता योजना-2016 के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेजाब हमले का कोई भी पीड़ित प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर मुआवजा और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में डालसा के पीएलवी और ग्रामीण उपस्थित थे। यह जानकारी डालसा सचिव कमलेश बेहरा ने दी।