खूंटी, 11 अप्रैल । रनिया थाना क्षेत्र के कनकलोया निवासी भोजो मुंडा (58) की शनिवार को खेत में बने डोभा में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को डोभा से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भोजो मुंडा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। परिजनों के मुताबिक वह शुक्रवार को अम्मापकना गांव में लगे मेले में घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं आने पर परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उनकी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने गांव के समीप खेत में बने डोभा में एक शव देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान भोजो मुंडा के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि शव के नाक और कान पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।
इधर, सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के परिजनों के आवेदन पर रनिया थाना में सन्हा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।