धान खरीद शुरू करने काे लेकर कांग्रेस ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

पलामू, 15 अप्रैल । जिले में धान खरीदारी शुरू नहीं होने और लंबित भुगतान को लेकर किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर पलामू जिला कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक के नेतृत्व में बुधवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अविलंब धान क्रय शुरू कराने और किसानों का बकाया ऑनलाइन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।

सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि पलामू जिला लंबे समय से सूखा और पलायन जैसी समस्याओं से जूझता रहा है। यहां के किसान कठिन परिस्थितियों में धान की खेती करते हैं, लेकिन वर्तमान में धान की खरीदारी नहीं होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई किसानों का धान पैक्स और क्रय केंद्रों में जमा है, लेकिन अब तक उनका भुगतान नहीं हो सका है। इससे किसानों की स्थिति दयनीय होती जा रही है और उनकी आजीविका पर संकट गहराता जा रहा है।

पाठक ने उपायुक्त से मांग की है कि जिले में अविलंब धान क्रय की प्रक्रिया शुरू कराई जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। साथ ही, लंबित ऑनलाइन भुगतान को शीघ्र सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है, जिससे किसानों को समय पर राशि प्राप्त हो सके।

उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसानों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ सकता है।

मौके पर प्रदेश सचिव लक्ष्मी नारायण तिवारी, शमीम अहमद राइन, विद्या सिंह चेरो, नफीस खान, शन्नू खान, अजय साहू अमिताभ शर्मा, खुर्शीद आलम, देवन शुक्ला, तुलसी पासवान, सौरव पाण्डेय, उमेश यादव,

आशीष रंजन, इकराम अंसारी, शिव कुमार मौजूद थे।