कोडरमा, 17 अप्रैल । भाजपा जिला इकाई के तत्वावधान में झुमरी तिलैया स्थित बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
धरने का संचालन सूरज प्रताप मेहता ने किया। मौके पर जिला अध्यक्ष अनुप जोशी ने कहा कि राज्य की हेमंंत सरकार के कार्यकाल में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है और स्मार्ट मीटर लगाकर आम जनता को ठगा जा रहा है। कोडरमा जिले में बिजली की स्थिति बेहद खराब हो गई है। दिन में 15 से 20 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के इस मौसम में लगातार बिजली की अनुपलब्धता से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
व्यवसाय, पढ़ाई और दैनिक कार्य सभी प्रभावित हो रहे हैं। भाजपा नेताओं ने सरकार से मांग की कि बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए, स्मार्ट मीटर की अनियमितताओं की जांच कराई जाए और जिले में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने पुराने बिजली के एल्युमीनियम और कॉपर का तार जो बदला गया है उसकी स्टोर के स्टॉक में उपलब्धता की मांग की।
कार्यक्रम में राजेश सिंह, डोमचांच नगर परिषद अध्यक्ष उमेश वर्मा, विजय यादव, नरेंद्र पाल, सुभाष मोदी, जूही गुप्ता, सुनीति सेठ, रामप्रसाद साव, मनोज चौधरी, हरि पण्डित, राज किशोर प्रसाद, पंकज वर्णवाल, रोहित मेहता, मंंडल अध्यक्ष इंद्रदेव वर्णवाल, नवीन चौधरी, नरेश यादव, रणजीत सिंह, सुजीत मेहता, नंदकिशोर सोनी, राजेंद्र सिंह, संजय पासवान, प्रिया देवी, जिला अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रामचन्द्र राम, जिला महामंत्री एससी मोर्चा महादेव दास सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।