चीका में मोबाइल शॉप पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव भागल निवासी रवि कुमार (28) और भराणी खालसा निवासी भरत कुमार (19) के रूप में हुई है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि चार अप्रैल की शाम करीब छह बजे दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर चीका में गिल मोबाइल शॉप पर पहुंचे और फायरिंग कर दी। हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई तरसेम की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।
डीएसपी ने बताया कि इससे पहले 14 अप्रैल की रात पुलिस ने ढांड क्षेत्र में दबिश दी थी, जहां मुख्य आरोपी कुरुक्षेत्र निवासी रजत पुलिस को देखकर बाइक पर भागने लगा। केएमपी 152डी पुल के पास उसने पुलिस टीम पर करीब चार राउंड फायर किए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल (.32 बोर), दो कारतूस और चार खाली खोल बरामद किए थे।
फिरौती के लिए की गई थी फायरिंग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने दुकान पर फायरिंग कर करीब एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी भरत फायरिंग के दौरान बाइक चला रहा था और उसने भी गोली चलाई, जबकि रवि ने वारदात के बाद हथियार अपने पास रखे और अन्य साथियों को सप्लाई किए।
इनामी बदमाश भी शामिल
डीएसपी के अनुसार, आरोपी भरत और रजत पर हरियाणा पुलिस द्वारा पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उन्हाेंने कहा कि फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।