तेज रफ्तार ट्रक ने तूड़ी से भरे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो
गई। मृतक की पहचान पाली गांव निवासी 50 वर्षीय रतन सिंह के रूप में हुई है। हादसे के
बाद ट्रक चालक अपने वाहन को मौके पर छोड़ वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर शेखपुरा
पुलिस चौकी सहित सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पवित्र कुमार पुलिस तथा फायर ब्रिगेड
की गाड़ियां मौके पर पहुंची। और घायल ट्रैक्टर चालक को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल
पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जहां पुलिस ने मृतक रतन सिंह के
बेटे शिवकुमार के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने तथा गैर
इरादतन की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप
मामले की जांच आरंभ कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण
थी कि ट्रक ट्रैक्टर को कई फीट तक घसीटता हुआ ले गया। उसके बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर
सड़क से नीचे उतरकर गड्ढों में जाकर पलट गया, और ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की
मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
नागरिक अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि
रतन सिंह सोमवार सुबह अपने घर से ट्रैक्टर ट्राली में तुड़ी भरकर उसे बेचने के लिए
हांसी की ओर आ रहा था। इसी दौरान जींद की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्राली
को पीछे से टक्कर मार दी। मृतक रतन सिंह सात बच्चों का पिता था, जिनमें पांच बेटियां
और दो बेटे शामिल हैं। मृतक के बेटे शिव ने बताया कि उनकी माता का दो
महीने पहले ही निधन हुआ था और परिवार अभी उस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब यह हादसा
हो गया। और दो महीने के अंतराल में 7 बच्चों के सिर से मां व बाप का साया उठ गया और सातों
बच्चे अनाथ हो गए।