फतेहाबाद : पंचायत की बोली में हंगामा, ग्राम सचिव से मारपीट का आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

फतेहाबाद, 21 अप्रैल । जिले के गांव चन्द्रावल में ग्राम पंचायत की बोली प्रक्रिया के दौरान हंगामा करने, ग्राम सचिव के साथ मारपीट करने और सरपंच को धमकी देने के आरोप में थाना भूना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से सरकारी कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने राहत की सांस ली है। मंगलवार को थाना भूना प्रभारी उप-निरीक्षक ओमप्रकाश ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी घटना 20 अप्रैल की है। ग्राम सचिवालय चन्द्रावल में शामलात भूमि के प्लॉटों की नीलामी की आधिकारिक प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान सरपंच शलेन्द्र सिंह और ग्राम सचिव जयपाल सिंह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। नीलामी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद गांव के ही एक व्यक्ति प्रेम कुमार ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्राम सचिव जयपाल सिंह और सरपंच शलेन्द्र सिंह द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी प्रेम कुमार ने न केवल सरकारी काम में अड़ंगा डाला, बल्कि उग्र होते हुए ग्राम सचिव को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने सरपंच शलेन्द्र सिंह के साथ भी दुव्र्यवहार किया और उन्हें सरेआम जान से मारने की धमकी दी। इस अचानक हुए हमले और हंगामे के कारण पंचायत की महत्वपूर्ण नीलामी प्रक्रिया को बीच में ही रोकना पड़ा, जिससे सरकारी कार्य पूरी तरह बाधित हो गया। पंचायत अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी प्रेम कुमार पुत्र फूला राम, निवासी चन्द्रावल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी प्रेम कुमार को उसके ठिकाने से दबोच लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी नागरिक को कानून हाथ में लेने या सरकारी काम में बाधा डालने की इजाजत नहीं दी जाएगी। ड्यूटी पर तैनात लोक सेवकों के साथ मारपीट या धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है ।