मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को लिखी पाती

Spread the love

लखनऊ, 27 अप्रैल (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं के परिणाम पर छात्रों के नाम भावुक पाती लिखी।

मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को चिट्ठी लिखकर सफल छात्रों को बधाई दी, वहीं असफल छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा “सफलता और असफलता जीवन का हिस्सा हैं, निराश न हों, ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ते रहें।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा है कि यह मेरी पाती विशेषकर उन बच्चों के लिए है जो किन्हीं कारण से अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाए। सफलता और असफलता जीवन के अंग हैं। सफलता ही हमें उत्साहित करती है लेकिन असफलता से निराशा घर कर सकती है। बस हमें इसी निराशा को हटाकर चरैवेति चरैवेति के मंत्र पर आगे बढ़ाना है। चलते रहो चलते रहो, निरंतर परिश्रम, प्रगति और जीवन में न रुकने का संदेश देता है। याद रखिए एक असफलता भविष्य की असीमित सफलताओं एवं संभावनाओं की जननी हो सकती है। कोई भी परिणाम जीवन का पहला और अंतिम नहीं होता, अपितु एक नए आरंभ का अवसर होता है। सोना तपकर ही कुंदन बनता है। उन्होंने कहा कि एक असफलता भविष्य की बड़ी सफलता की शुरुआत हो सकती है। हर परिणाम एक नए अवसर का संकेत देता है।