फायरिंग का खुलासा, आराेपित गिरफ्तार

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 28 अप्रैल । जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित गरीब नवाज कॉलोनी में हुई फायरिंग की खुलासा कर दिया है। 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:12 बजे इलाके में गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल जांच शुरू की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी ललित मीणा के नेतृत्व में और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर मनोज ठाकुर की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जुगसलाई थाना में दर्ज सन्हा के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की, जिसमें फायरिंग की घटना सही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।

जांच के क्रम में पुलिस ने शेख अफरीदी उर्फ खदबद (19 ) को काबुली नाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह गरीब नवाज कॉलोनी का ही रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित का संबंध अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले एक संगठित गिरोह से है।

पुलिस ने आरोपित के पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद किया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए दो खोखा भी जब्त किए गए हैं। इस मामले में जुगसलाई थाना में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपित का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

इस पूरे मामले की जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।