पलामू के मेधावी विद्यार्थियों को उपायुक्त ने किया सम्मानित, कहा—सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं

Spread the love

पलामू, 28 अप्रैल । पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में मैट्रिक परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को पौधा, पुस्तक और मेडल देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं और उसी दिशा में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल शुरुआत है और आने वाले समय में जीवन में कई महत्वपूर्ण पड़ाव आएंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “यह आप सभी का लॉन्चपैड है। आगे और भी महत्वपूर्ण पड़ाव आएंगे। आप सभी बच्चों की मेहनत सराहनीय है। आप सबको किताबों की तरह बड़ा बनना है।”

उपायुक्त ने छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य की रणनीति बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में सही दिशा तय करने का सबसे मजबूत माध्यम है। यदि विद्यार्थी अपनी मेहनत और लगन को बनाए रखें, तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

उपायुक्त ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये छात्र-छात्राएं भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।

इस सम्मान समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विद्यार्थियों के अभिभावक और संबंधित विद्यालयों के शिक्षक भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि मैट्रिक परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में पलामू टॉपर और मनातू के चक स्थित स्तरोन्नत उच्च विद्यालय की छात्रा प्रीति कुमारी ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। रानीदेवा स्थित स्तरोन्नत उच्च विद्यालय के छात्र प्रेम प्रकाश ने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

इसके अलावा स्तरोन्नत उच्च विद्यालय, सण्डा के प्रिंस कुमार पाल ने 97.4 प्रतिशत, मेदिनीनगर उच्च विद्यालय की सृष्टि कुमारी ने 97.2 प्रतिशत और स्तरोन्नत उच्च विद्यालय, सण्डा की रूपा कुमारी ने भी 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।