सुपौल, 29 अप्रैल । जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह ने बुधवार को कई स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल निरीक्षण में कई तरह की कमियां उजागर हो रही है। स्कूल में पठन-पाठन की अस्तव्यस्त स्थिति के कारण बच्चों की उपस्थिति में भी कमी आई है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले एचएम को कार्रवाई की चेतावनी दी है।
उन्होंने पिपरा प्रखंड के कलापट्टी उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गल्हिया प्राथमिक विद्यालय, झोंकायार मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल परिसर, वर्ग कक्ष और शौचालय में साफ- सफाई की कमी पाई गई। नल, चापाकल और शौचालय के पास कजली व काई देखा गया। प्रीफैब वर्ग कक्ष में कबाड़ पाई गई और स्कूल की सामग्री अस्त व्यस्त स्थिति में देखा गया।
उन्होंने वर्ग कक्ष का संचालन संयुक्त रूप से होने पर नाराजगी जताई। वहीं प्राथमिक विद्यालय गल्हिया कुल नामांकन से कम उपस्थिति पाई गई। उन्होंने देखा कि एमडीएम की सामग्री व गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है।डीईओ ने मध्य विद्यालय झोंकायार में एक कमरे को बंद पाया। यहां बच्चों के लिए नल व पीने के पानी (ड्रिंकिंग पोस्ट) की सुविधा नहीं है। इससे बच्चों को गर्मी के दिनों में काफी परेशानी होती है। शौचालय में रनिंग वाटर की अब तक व्यवस्था नहीं है। वर्ग 1 से 5 तक संयुक्त रूप से कक्षा का संचालन हो रहा था।
प्रभारी प्रधानाध्यापक से बंद कमरे का ताला खुलवाने पर कबाड़ जैसी स्थिति देखी गई। डीईओ ने एचएम को जल्द सभी व्यवस्था को सही करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वाले एचएम पर विभागीय निर्देश के मुताबिक कठोर अनुशात्मक कार्रवाई की जाएगी