सुपौल में 6 आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण

Spread the love

सुपौल, 29 अप्रैल । जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सुपौल द्वारा बाल विकास पिपरा परियोजना अंतर्गत 6 आंगनबाड़ी केंद्रों का बुधवार को औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 59, 60, 63, 66, 80 एवं 173 की व्यवस्था का जायजा लिया गया, जहां सभी सेविका एवं सहायिका उपस्थित पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सेविका एवं सहायिकाओं को निर्देश दिया कि बच्चों को समय पर नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा ‘‘पोषण भी, पढ़ाई भी’’ गतिविधियों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित किया जाए। साथ ही बच्चों की साफ-सफाई, स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि पोषक क्षेत्र के सभी पात्र लाभुकों को एफआरएस के माध्यम से टेक होम राशन का वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रत्येक केंद्र से कम से कम 8 लाभुकों तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत 3 पात्र लाभुकों का पंजीकरण करने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने सभी केंद्रों के संचालन को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप रखने तथा संबंधित महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आंगन ऐप के माध्यम से निरीक्षण के दौरान ईसीसीई गतिविधियों से संबंधित प्रतिवेदन को पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने की बात कही गई।