गुरुग्राम:द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत

Spread the love

गुरुग्राम, 09 मई । द्वारका एक्सप्रेसवे के पर शनिवार अलसुबह तेज रफ्तार वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा क्रिसूमी सोसाइटी के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान अब्दुल सुबहान के रूप में हुई है।

मृतक युवक अब्दुल सुबहान के पिता गुलाम उस्मान खां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अब्दुल सुबहान मानसिक रूप से कमजोर था। उसका इलाज दिल्ली के शाहदरा स्थित मानसिक अस्पताल में चल रहा था। अब्दुल सुबहान एक मई से लापता था और परिवार उसकी लगातार तलाश कर रहा था। शनिवार सुबह हादसे की सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे। तब उन्हें पता चला कि दुर्घटना में उनके बेटे की मौत हो गई है। पुलिस ने मृतक युवक के पिता की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।