गढ़वा में मैजिक-ऑटो की टक्कर, 15 से अधिक लोग घायल

Spread the love

गढ़वा, 10 मई । गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दहेड़िया के पास मैजिक वाहन और ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

पुलिस के मिली जानकारी के अनुसार, केतार थाना क्षेत्र के छाताकुंड गांव से लोग ऑटो पर सवार होकर श्री बंशीधर नगर के कुंबा गांव निवासी बालरूप उरांव की पुत्री का छेका करने जा रहे थे। इसी दौरान दहेड़िया के समीप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक मैजिक ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर घायलों की चीख-पुकार से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सत्येंद्र नारायण सिंह और भाजपा नेता कन्हैया चौबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भिजवाया।

उधर, हादसे की खबर शहर में तेजी से फैल गई। पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद और थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार भी घटनास्थल एवं अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था में जुट गए।

गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत कुमार गुप्ता, बिट्टू सिंह, संतोष चेरो, अवधेश उरांव, लालमोहन यादव, मुनिका कुमार, कमलेश यादव, टिंकू उरांव और अजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया।

वहीं अन्य घायलों में लवकुश कुमार, टिंकू उरांव, अजय कुमार उरांव, आमोद सिंह, दीपक कुमार, नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के कोलझिकी गांव निवासी अंकुश कुमार तथा उत्तर प्रदेश के कोनमंडरा गांव निवासी शिवकुमार उरांव का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

————-