सुपौल, 15 मई । जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर पंचायत के सायत लक्ष्मीपुर हरि खिरहर स्थित मुर्गा फार्म के समीप घात लगाए बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी को निशाना बनाते हुए मारपीट कर नकदी, मोबाइल, जेवर और सामान लूट लिया। घटना के बाद घायल व्यवसायी को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित व्यवसायी नितिश गोस्वामी ने बताया कि वह राघोपुर बाजार से किराना व कॉस्मेटिक सामान खरीदकर सीटी रिक्शा से अपने घर देवीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मीपुर सायत स्थित मुर्गा फार्म के पास पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच बदमाशों ने उनका रिक्शा रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और गले से चेन, करीब 40 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा किराना व कॉस्मेटिक सामान लूटकर फरार हो गए। मारपीट में घायल होने के बाद वह सड़क किनारे गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल व्यवसायी को आनन-फानन में राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहीं परिजनों को भी सूचना दी गई।
परिजनों की सूचना पर राघोपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से आवेदन देने को कहा है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।